नैनीताल द्वारा सीएटीसी में जंगल सर्वाइवल पर विशेष व्याख्यान आयोजित
घोड़ाखाल, 04 जून 2026: 79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल द्वारा सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) के अंतर्गत 04 जून 2026 को “जंगल सर्वाइवल” विषय पर एक महत्वपूर्ण विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
इस व्याख्यान का संचालन कर्नल विजय द्विवेदी द्वारा किया गया। उन्होंने अपने व्यापक अनुभव एवं ज्ञान के आधार पर जंगल में विपरीत परिस्थितियों में जीवित रहने के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। व्याख्यान में कैडेटों को जंगल में जीवित रहने हेतु आवश्यक तकनीकों, सुरक्षा उपायों तथा महत्वपूर्ण कौशलों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कर्नल द्विवेदी ने कैडेटों को परिस्थितियों का आकलन करने की क्षमता, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपाय, दिशा-निर्धारण, भोजन एवं जल के स्रोतों की पहचान, अस्थायी आश्रय निर्माण तथा व्यक्तिगत सुरक्षा सुनिश्चित करने के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में मानसिक दृढ़ता, अनुकूलन क्षमता तथा टीमवर्क के महत्व पर भी विशेष बल दिया।
व्याख्यान अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। कैडेटों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जंगल में जीवित रहने से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की, जिससे उनकी आत्मविश्वास एवं फील्ड परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता में वृद्धि होगी।
79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता एवं जीवनोपयोगी कौशलों का विकास निरंतर किया जा रहा है, जो राष्ट्रीय कैडेट कोर के उद्देश्यों के अनुरूप है।
प्रेस विज्ञप्ति
79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल द्वारा सीएटीसी में भारतीय सेना में भर्ती विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित घोड़ाखाल, 04 जून 2026: 79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल द्वारा सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) के अंतर्गत 04 जून 2026 को “भारतीय सेना में भर्ती” विषय पर एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
इस व्याख्यान का संचालन मेजर पुष्पाल चक्रवर्ती, आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस, अल्मोड़ा द्वारा किया गया। उन्होंने भारतीय सेना में उपलब्ध विभिन्न भर्ती योजनाओं, पात्रता मानदंडों, चयन प्रक्रिया तथा करियर के अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
व्याख्यान के दौरान कैडेटों को भारतीय सेना में अधिकारी एवं सैनिक स्तर पर उपलब्ध विभिन्न प्रवेश योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया। सूबेदार मेजर सुनील कुमार ने विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं हेतु आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मानकों एवं चयन के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। उन्होंने सेना के गौरवपूर्ण जीवन, जिम्मेदारियों तथा पेशेवर विकास की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
यह व्याख्यान कैडेटों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं उपयोगी सिद्ध हुआ। संवादात्मक सत्र के माध्यम से कैडेटों ने भारतीय सेना में शामिल होने के विभिन्न मार्गों को समझा तथा राष्ट्र सेवा के लिए सशस्त्र बलों में करियर बनाने हेतु प्रेरणा प्राप्त की।
79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं प्रेरक कार्यक्रमों के माध्यम से कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, देशभक्ति तथा करियर जागरूकता का निरंतर विकास कर रही है, जो राष्ट्रीय कैडेट कोर के उद्देश्यों के अनुरूप है।











