
नैनीताल । मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल अरविन्द पाण्डे के निर्देश पर खण्ड विकास अधिकारी बेतालघाट द्वारा एडीओ पंचायत ओमवीर सिंह के साथ क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट की उपस्थिति में राजकीय खाद्यान्न भंडार मेहरागांव का औचक निरीक्षण किया गया । इस गोदाम से विकास खंड बेतालघाट के कुल २७ उचित दर विक्रेता संबद्ध हैं जिनके माध्यम से राशन कार्ड धारकों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है । निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर से विभिन्न योजनाओं में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने पर खाद्यान्न का स्टॉक गोदाम में सही पाया गया । मौके पर खंड विकास अधिकारी जोशी द्वारा कार्यालय में उपलब्ध अभिलेखों का अवलोकन करने पर इस गोदाम से संबद्ध सभी उचित दर विक्रेताओ को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/केन्द्र प्रभारी बिष्टद्वारा माह जून तक का खाद्यान्न वितरित किया गया है । मौके पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने बीडीओ को अवगत कराया गया कि पूर्व में इस गोदाम में गोविन्द सिंह सिजवाली पूर्ति निरीक्षक केन्द्र प्रभारी के रूप में तैनात थे जो एक वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हो जाने के कारण इस गोदाम में किसी पूर्ति निरीक्षक की तैनाती नहीं होने के कारण उन्हें अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है । जिलाधिकारी नैनीताल के आदेश पर एआरओ हल्द्वानी दिव्या अहीन पाण्डे द्वारा ४ अप्रैल २०२६ को इस गोदाम का वार्षिक भौतिक सत्यापन कर सत्यापन रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में तैयार कर ज़िलाधिकारी को भेजी गई है ।









