संदिग्ध परिस्थितियों में लापता व्यक्ति का शव खाई से बरामद

नैनीताल। भवाली मार्ग पर जोखिया के पास एक व्यक्ति का शव खाई से बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एएसआई लाल सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक की पहचान नेपाल कमला बाज़ार निवासी टेक बहादुर के रूप में हुई है। वह भवाली मार्ग क्षेत्र में मजदूरी करता था और पिछले तीन दिनों से लापता था। उसके साथियों ने आसपास के क्षेत्र में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।आज बह सड़क किनारे खाई के पास टेक बहादुर की चप्पल और मोबाइल फोन दिखाई दिए। इसके बाद साथियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खाई में तलाश शुरू की। अभियान के दौरान टेक बहादुर का शव खाई में मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।इस दौरान एसआई मनीष भाकुनी,लाल सिंह,सुरेंद्र कुमार,नितेश खेतवाल,भूपेंद्र कन्याल,रोहित कुमार,रविंद्र रावत।प्रभारी कोतवाल विमल मिश्रा,राकेश बोरा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।