कुमाऊं विवि में जुटेंगे देशभर के शोधार्थी, सामाजिक विज्ञान की आधुनिक शोध पद्धतियों पर होगा दस दिवसीय राष्ट्रीय पाठ्यक्रम
नैनीताल। कुमाऊं विवि के समाजशास्त्र विभाग की ओर से 10 से 19 अक्टूबर तक सामाजिक विज्ञान में दस दिवसीय राष्ट्रीय शोध पद्धति पाठ्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) के प्रायोजन में होने वाले इस पाठ्यक्रम में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के शोधार्थी हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम में टीआईएसएस मुंबई, आईआईटी खड़गपुर, जेएनयू नई दिल्ली, दिल्ली विश्वविद्यालय, इग्नू, लखनऊ विश्वविद्यालय समेत विभिन्न संस्थानों के शोधार्थी शामिल होंगे। उत्तराखंड के भी कई विश्वविद्यालयों के शोधार्थी इसमें प्रतिभाग करेंगे। पाठ्यक्रम में शोध पद्धति, गुणात्मक एवं मात्रात्मक शोध, सांख्यिकीय विश्लेषण और मिश्रित शोध पद्धति के साथ एसपीएसएस, जैमोवी और आर जैसे सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा डिजिटल शोध उपकरण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शोध, अकादमिक प्रकाशन और शोध प्रस्तुतीकरण जैसे विषयों पर भी जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. ज्योति जोशी करेंगी। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. दीपक पालीवाल और सह संयोजक डॉ. सरोज हैं।












