ज्योलिकोट में जल जनित रोगों पर स्वास्थ्य विभाग की पैनी नजर, जांच से उपचार तक बढ़ाई गई निगरानी

नैनीताल,।। ज्योलिकोट क्षेत्र में जल जनित रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों द्वारा लगातार निगरानी, घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य परीक्षण, सैंपलिंग एवं आवश्यक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा आज विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में 163 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 98 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकता के अनुसार 13 मरीजों को भर्ती किया गया।

जिलाधिकारी के सहयोग से उपलब्ध कराई गई रैपिड किट के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर सैंपलिंग की गई तथा कुल 65 ब्लड सैंपल लिए गए। साथ ही पेयजल की गुणवत्ता की जांच के लिए पानी के 4 सैंपल लिए गए हैं।

सचल चिकित्सा वाहन द्वारा 43 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।

जल जनित रोगों से बचाव के लिए लोगों को ओआरएस, जिंक एवं क्लोरीन की गोलियां वितरित की गईं तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं जागरूकता प्रदान की गई।

यह भी पढ़ें 👉  अध्यापकों की कमी से जूझ रहा बालिका इंटर कॉलेज, छात्राओं ने उठाई आवाज छुट्टी के बाद शिव मंदिर प्रांगण में सांकेतिक प्रदर्शन, वर्षों से रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग

ज्योलिकोट पीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी ओपीडी सेवाएं

मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में 11 सितंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में साईं हॉस्पिटल हल्द्वानी के विशेषज्ञ चिकित्सक एवं बृजलाल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. मुकेश कुमार द्वारा ओपीडी सेवाएं प्रदान की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जल जनित रोग से ग्रसित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।

12 सितंबर को भी विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं

जल जनित रोग से ग्रसित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 12 सितंबर 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में सिटी नर्सिंग होम एंड रिसर्च सेंटर, हल्द्वानी के वरिष्ठ एम.डी. फिजीशियन डॉ. जे.सी. भंडारी एवं उनकी टीम द्वारा विशेष ओपीडी सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इन विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

प्रभावित क्षेत्रों में लगातार लगाए जा रहे स्वास्थ्य शिविर

स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांजा, वीरभट्टी, बेलवाखान, सरियाताल, ज्योलिकोट एवं भल्यूटी-चोपड़ा सहित प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवा वितरण एवं जल जनित रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  कुमाऊं विश्वविद्यालय के योग विभाग के स्नातक के डी एस सी के विद्यार्थी प्रियांशु ने जयपुर राजस्थान में संपन्न हुई आर्टिस्टिक सोलो के ट्रेडिशनल एवरंट में पहला स्थान हासिल किया

स्वास्थ्य टीमों को घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने, नियमित निगरानी रखने तथा लक्षण पाए जाने पर तत्काल उपचार एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय एवं बेस चिकित्सालय में बेहतर उपचार के निर्देश

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत द्वारा बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल एवं बेस चिकित्सालय हल्द्वानी में जल जनित रोग से ग्रसित मरीजों को बेहतर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने संबंधित चिकित्सालयों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि मरीजों एवं उनके परिजनों को उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि उक्त चिकित्सालयों में उपचार अथवा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर मरीज अथवा उनके परिजन सीधे मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

Advertisement
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad