50 साल पुरानी रामलीला समितियों को 50 हजार आर्थिक सहायता की मांग
नैनीताल। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद सिंह पडियार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेश की 50 वर्ष से अधिक पुरानी रामलीला समितियों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
पडियार ने पत्र में कहा है कि उत्तराखंड में अनेक रामलीला समितियां कई दशकों से निरंतर रामलीला का मंचन कर रही हैं। इनमें कई समितियों को स्थापित हुए 50 साल से अधिक हो चुके हैं। ये समितियां धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने के साथ लोक संस्कृति, कला, साहित्य और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रही हैं।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रामलीला के आयोजन में मंच, लाइट, वेशभूषा, कलाकारों और अन्य व्यवस्थाओं पर काफी खर्च आता है। आर्थिक संसाधनों के अभाव में कई पुरानी समितियों को आयोजन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इसलिए प्रदेश की 50 वर्ष से अधिक पुरानी रामलीला समितियों को सुदृढ़ करने के लिए प्रत्येक समिति को प्रतिवर्ष न्यूनतम 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। इससे ऐतिहासिक और पारंपरिक समितियों को प्रोत्साहन मिलेगा और समृद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में मदद मिलेगी।









