नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोह लिया सबका मन

देहरादून। खिले फूल अनंत, आये ऋतुराज बसंत के सकारात्मक संदेश के साथ द हैरिटेज स्कूल नॉर्थ कैंपस में बसंतोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों की ऊर्जा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वसंत की खुशबू बिखेर दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विशेष शिक्षिका नौनी बग्गा, विद्यालय के अध्यक्ष चौधरी अवधेश कुमार, निदेशक उमा चौधरी, निदेशक सिद्धार्थ चौधरी, चंद्रिका चौधरी और प्रधानाचार्या दीपाली सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन कर किया गया।
वसंत के आगमन का जश्न मनाते हुए कक्षा एलकेजी से लेकर कक्षा दो तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के मनमोहक लोक नृत्य और कलात्मक प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्थिति यह थी कि नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखकर अभिभावक भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। पूरा वातावरण उत्साह और सकारात्मकता से सराबोर नजर आया।
मुख्य अतिथि नौनी बग्गा ने बच्चों की प्रतिभा की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि इन प्रस्तुतियों को देखकर मुझे अपना बचपन याद आ गया। बच्चे हमारे भविष्य का आधार हैं और उन्हें अपनी योग्यता से एक नए भारत की रचना करनी है।
उन्होंने विद्यालय के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की व्यक्तिगत प्रतिभा निखारने में द हैरिटेज स्कूल नॉर्थ कैंपस अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विद्यालय के अध्यक्ष चौधरी अवधेश कुमार ने सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि बच्चों के हुनर और कौशल को मंच प्रदान करने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।
इस अवसर पर कार्यक्रम के अंत में हैड गर्ल दीपांशी मखलोगा ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान शिक्षक, शिक्षिकाएं, अभिभावक, छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।










