शिक्षक संघ की आप​त्ति के बाद ​शिक्षकों को पर्यटन ड्यूटी से हटाया

नैनीताल। पर्यटन सीजन के चलते नगर में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अस्थाई पार्किंग स्थलों पर ड्यूटी कर रहे शिक्षकों को पर्यटन ड्यूटी से राहत मिल गई है। जिला ​शिक्षा अ​धिकारी माध्यमिक ने पत्र जारी कर पर्यटन डयूटी से सहायक अध्यापकों को हटने के आदेश दे दिए हैं।

बता दें कि पर्यटन सीजन में यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए बीते दिनों डीएम वंदना सिंह ने अधिकारियों की ड्यूटी एंट्री प्वाइंटों पर लगाई थी। जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक पुष्कर लाल टम्टा ने कुछ सहायक शिक्षकों व बाबूओं को भी यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए यहां नियुक्त कर दिया था। शुक्रवार व शनिवार को सहायक शिक्षकों व बाबूओं ने यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस की मदद भी की। लेकिन राजकीय ​शिक्षक संघ ने ​शिक्षकों की ड्यूटी यातायात व्यव​स्थित करने के लिए लगाने पर विरोध जताया। वहीं सोशल मीडिया में भी इस आदेश को लेकर कई बातें की गई। जिसको देखते हुए शनिवार की शाम को जिला ​शिक्षा अ​धिकारी माध्यमिक पुष्कर लाल टम्टा की ओर से पर्यटन ड्यूटी में तैनात सभी सहायक ​शिक्षकों को अवमुक्त कर दिया है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से सहायक अध्यापकों को विद्यालय में उप​स्थिति देने के आदेश दिए हैं।