एमबीपीजी महाविद्यालय हल्द्वानी में स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन

हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के दिशा-निर्देशों के क्रम में तथा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल के आदेशानुसार आज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एमबीपीजी), हल्द्वानी में मतदाता साक्षरता क्लब (ELC) के माध्यम से महाविद्यालय स्तर की निबंध एवं प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन जिला स्वीप (SVEEP) टीम नैनीताल के सदस्य श्री गौरी शंकर कांडपाल, श्रीमती मीनाक्षी कीर्ति एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर श्रीमती अभिलाषा कीर्ति के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्वीप गतिविधियों के उद्देश्यों, मतदाता पंजीकरण के महत्व एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रतियोगिता के अंतर्गत “शुद्ध मतदाता सूची का महत्व” अथवा “मतदान का महत्व” विषयों पर 800 से 1200 शब्दों की सीमा में निबंध प्रतियोगिता संपादित की गई। इसके साथ ही मतदाता सूची की तैयारी, ईवीएम (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT), मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना प्रक्रिया पर आधारित बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
निर्वाचन आयोग के त्रि-स्तरीय प्रारूप के अनुसार संस्थान स्तर पर आयोजित इन दोनों प्रतियोगिताओं से चयनित शीर्ष दो-दो विद्यार्थी आगामी विधानसभा क्षेत्र (AC) स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। सभी प्रतिभागियों को संस्थान स्तर पर सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर एमबीपीजी महाविद्यालय, हल्द्वानी के बड़ी संख्या में प्राध्यापक साथी एवं छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।











