सचिवालय देहरादून का ट्रॉफी पर कब्जा

नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में आयोजित 14वीं ज्यूडिशियल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य और रोमांचक समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में सचिवालय देहरादून ने शानदार प्रदर्शन करते हुए व्यापार मंडल को पटखनी दी और खिताब अपने नाम किया।
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी व्यापार मंडल की टीम निर्धारित 19 ओवरों के मैच में संघर्ष करती नजर आई और पूरी टीम 153 रनों पर सिमट गई। 154 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय देहरादून की टीम को आशुतोष ने तूफानी शुरुआत दिलाई। आशुतोष की 63 रनों की आतिशी पारी की बदौलत टीम ने 18.1 ओवरों में मात्र 5 विकेट खोकर खिताबी जीत दर्ज कर ली।
पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने मुख्य अतिथि के रूप में विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की। व्यक्तिगत पुरस्कारों में शानदार प्रदर्शन के लिए आशुतोष को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया। इसके अलावा अर्पित को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, अजीत को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और दीपक पुंडी को बेस्ट कीपर का पुरस्कार मिला, जबकि व्यापार मंडल के जुनैद को सर्वश्रेष्ठ फील्डर घोषित किया गया। इस मौके पर आयोजक जेके लखेड़ा, डीएसए महासचिव मनोज जोशी, रवि जोशी, भुवन बिष्ट, पंकज बर्गली, दीप कुंवर, नरेंद्र, प्रेम सिंह रावत आदि मौजूद रहे।