पुणे के प्रतिष्ठित स्कूल में इंटर्नशिप के बाद आईटीईपी के छात्रों को मिला रोजगार का अवसर
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग के चार वर्षीय एकीकृत अध्यापक शिक्षा कार्यक्रम (आईटीईपी) के आठ विद्यार्थियों ने पुणे के संस्कृति ग्रुप ऑफ स्कूल्स में विद्यालयी इंटर्नशिप पूरी कर रोजगार का अवसर हासिल किया है। विद्यार्थियों के शिक्षण कौशल और कार्यक्षमता से प्रभावित होकर संस्थान प्रबंधन ने उन्हें भविष्य में अपने यहां कार्य करने का अवसर देने की पेशकश की है।
इंटर्नशिप पूरी कर विश्वविद्यालय लौटे विद्यार्थियों अनीमा, याशिका उपाध्याय, आकांक्षा बहेरा, प्रतिभा रावत, प्रतीक्षा जोशी, हर्षिता पंत, मानाशी दानी और ईशिता ने कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, कुलसचिव प्रो. रीतेश साह और शिक्षा संकायाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान कुलपति और कुलसचिव ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए उपलब्धि बताया। संकायाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कुलपति के मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार जताया। आईटीईपी विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक उप्रेती ने बताया कि इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को कक्षा प्रबंधन, पाठ योजना निर्माण और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का व्यावहारिक अनुभव मिला। उन्होंने विद्यार्थियों को अवसर देने के लिए संस्कृति ग्रुप ऑफ स्कूल्स के प्रबंधन का आभार जताया।












