बारिश में विशालकाय पेड़ गिरा

नैनीताल। शहर के न्यू पैवेलियन होटल के समीप बृहस्पतिवार शाम अचानक एक विशालकाय पेड़ गिरने से अफरातफरी मच गई। पेड़ गिरने से घर वहां रहने वाले दो लोग घायल हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घर के अंदर फसे लोगों को बाहर निकाला। एसडीआरएफ एसआई मनोज भाकुनी ने बताया कि उनको हाईकोर्ट के समीप पैवेलियन होटल के बगल में घर के ऊपर पेड़ गिरने की सूचना मिली थी। सूचना पर मौके पर पहुंचे तो घर के अन्दर तीन लोग फंसे मिले। जिनको सकुशल निकाला गया। घटना में अब्दुल वाशिद (58 वर्ष), तथा दीवान चंद्र आर्या (32 वर्ष), घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को सामान्य चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर है। रेस्क्यू टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर की बाउंड्री पर गिरे विशालकाय पेड़ को हटाया और क्षेत्र को सुरक्षित बनाया। अभियान में पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड के जवानों ने समन्वय के साथ कार्य किया। बताया कि रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है तथा मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।