ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी के शताब्दी वर्ष का भव्य आगाज़, खेल के साथ दिखेगी संस्कृति की झलक

नैनीताल। सरोवर नगरी के खेल इतिहास में इस वर्ष एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध ‘ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी टूर्नामेंट’ अपने सौवें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को केवल खेल के मैदान तक सीमित न रखते हुए, एक भव्य सांस्कृतिक और खेल उत्सव के रूप में मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगामी चार जून से शुरू होने जा रहे इस टूर्नामेंट को लेकर जिला क्रीड़ा संघ (डीएसए) ने शनिवार को पत्रकार वार्ता कर विस्तृत जानकारी साझा की। महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। आयोजन की भव्यता के लिए शहर के स्कूलों के साथ मिलकर एक विशाल जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें आर्मी और स्थानीय बैंड की गूंज दर्शकों में जोश भरेगी। प्रतियोगिता के तकनीकी और प्रबंधकीय पक्ष पर बात करते हुए डॉ. डीएस बिष्ट ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट का स्वरूप काफी बड़ा है। अब तक महाराष्ट्र और केरल जैसे दूरस्थ राज्यों सहित कुल 31 टीमों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 9 टीमें वेटिंग लिस्ट में हैं। कुल 40 टीमों के इस महाकुंभ में शामिल होने की संभावना है। खास बात यह है कि इस गौरवशाली पल का गवाह बनने के लिए कई पूर्व ओलंपियनों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। उत्तराखंड के रानीखेत और पिथौरागढ़ की टीमें भी इस प्रतियोगिता में अपना दम दिखाएंगी। खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए आयोजकों ने इस वर्ष पुरस्कृत धनराशि में भी वृद्धि की है। डॉ. मनोज बिष्ट ने आश्वस्त किया कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। पत्रकार वार्ता के दौरान खीमराज देऊपा, शैलेंद्र बर्गली, किशन नेगी, त्रिभुवन फर्त्याल, पवन खनायत, धर्मेंद्र शर्मा, डॉ. संतोष कुमार, हरीश जोशी और रवि जोशी आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।