79 यूके बटालियन एनसीसी नैनीताल में ग्रुप कमाण्डर कोमोडोर रिची रंजन का प्रथम दौरा

नैनीताल। उत्तराखण्ड ग्रुप मुख्यालय का कार्यभार ग्रहण करने के बाद ग्रुप कमाण्डर कोमोडोर रिची रंजन ने शुक्रवार को 79 यू०के० बटालियन एन०सी०सी० नैनीताल का प्रथम दौरा किया।
बटालियन मुख्यालय पहुँचने पर कमान अधिकारी कर्नल अविजित मेहता, अधिकारियों तथा पीआई स्टाफ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर कोमोडोर रिची रंजन का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर कमान अधिकारी कर्नल अविजित मेहता ने ग्रुप कमाण्डर को बटालियन की गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बटालियन की ओर से कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित प्रशिक्षण, सामाजिक जागरूकता अभियान तथा साहसिक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। ग्रुप कमाण्डर कोमोडोर रिची रंजन ने बटालियन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय, स्टोर, प्रशिक्षण क्षेत्र और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बटालियन की कार्यप्रणाली, अनुशासन और कैडेट्स के प्रशिक्षण स्तर पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों और स्टाफ को कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा की भावना को और सशक्त करने के लिए प्रेरित किया।