कालाढूंगी में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन

Nainot । अग्रणी बैंक जनपद नैनीताल और एसएलबीसी के तत्वाधान में आज कालाढूंगी में एक वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य वित्त मंत्रालय भारत सरकार के बैंकिंग सेवा प्रभाग द्वारा चलाए जा रहे वित्तीय संतृप्तता अभियान के अंतर्गत सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जाना था। बैठक को अग्रणी बैंक प्रबंधक अमित बाजपेई एवं बैंक ऑफ़ बड़ौदा के उप क्षेत्र प्रमुख संतोष कुमार पांडे द्वारा संबोधित कर बैंक और सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक कालाढूंगी का प्रतिनिधित्व करते हुए शाखा प्रबंधक नीरु गोस्वामी द्वारा सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाएं यथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना अटल पेंशन योजना आदि के बारे में बताया गया। वित्तीय जागरूकता सलाहकार बी डी नैनवाल द्वारा अपने संबोधन में जानकारी दी गई कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध करा कर उन्हें स्वावलंबी बना रहा है। इसके साथ ही उनके द्वारा डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग से होने वाले लाभ तथा इसमें बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अनेक महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों के साथ साथ किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।








