मीनू कैम्प-2026 में कैडेट्स ने 29 किमी की सेलिंग पूरी की, सेलिंग एवं रिगिंग के साथ लाइफ सेविंग, फर्स्ट एड और सीपीआर का दिया गया प्रशिक्षण

नैनीताल, 1 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी, नैनीताल द्वारा आयोजित मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट कैम्प–2026 के दूसरे दिन कैडेट्स ने नैनी झील में 29 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की। कैम्प के दौरान कैडेट्स को नौकायन के व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ जीवन रक्षक तकनीकों का भी प्रशिक्षण दिया गया।
मेनू कैम्प–2026 का आयोजन 17 से 26 अगस्त 2026 तक नैनीताल में किया जा रहा है। कैम्प में 60 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं और उन्हें नौसैनिक प्रशिक्षण के साथ साहस, नेतृत्व, अनुशासन, टीम भावना, आपदा प्रबंधन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षित किया जा रहा है।
5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि कैम्प के अंतर्गत आज कैडेट्स को सेलिंग की बेसिक ट्रेनिंग तथा सेल बोट की रिगिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को सेल बोट के विभिन्न हिस्सों, रिगिंग की प्रक्रिया तथा नौकायन के दौरान आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि कैडेट्स को किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से सहायता करने के लिए लाइफ सेविंग, फर्स्ट एड और सीपीआर(कार्डियोपलमोनरी रिससिटेशन) का प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स को जल दुर्घटनाओं तथा अन्य आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए सक्षम बनाना है।
आज की सेलिंग के दौरान कैडेट्स ने 29 किलोमीटर की दूरी तय की। जो कल से अब तक 61 किमी हो गई है। नौकायन के दौरान कैडेट्स ने टीमवर्क, समन्वय, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी कैडेट्स का उत्साह और मनोबल ऊँचा रहा।
कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि MENU कैम्प का उद्देश्य कैडेट्स को केवल नौसैनिक गतिविधियों का प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें आपात परिस्थितियों में आत्मनिर्भर, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना भी है। सेलिंग, लाइफ सेविंग और सीपीआर जैसे प्रशिक्षण कैडेट्स को व्यावहारिक जीवन कौशल प्रदान करते हैं।
प्रशिक्षण गतिविधियों में प्रशिक्षक पेटी ऑफिसर प्रशांत तोमर, चीफ पेटी ऑफिसर विक्रांत सिंह, पेटी ऑफिसर दीपक कुमार, पेटी ऑफिसर अनूप कुमार तथा गर्ल कैडेट इंस्ट्रक्टर दिव्या यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।












