तल्लीताल फासी गधेरे में सीवर ओवरफ्लो से बहता गंदा पानी, जनस्वास्थ्य पर संकट
नैनीताल l नैनीताल में बीते गुरुवार को हुई बारिश के बाद से तल्लीताल स्थित फासी गधेरे में सीवर लाइन से लगातार मलमूत्र युक्त गंदा पानी बह रहा है। जोकि शुक्रवार को सुबह तक लगातार सड़क से बहकर झील में समा रहा है l
मां नैना देवी व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन ने बताया कि यह मार्ग नैनीताल का वीआईपी मार्ग है। इस रास्ते से प्रतिदिन उच्च अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सरकारी तंत्र से जुड़े कर्मचारियों की वाहनों के साथ-साथ पैदल आवाजाही भी होती है। इसके बावजूद सीवर ओवरफ्लो की समस्या पर संबंधित विभागों की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लगातार बह रहा गंदा पानी न केवल दुर्गंध व गंदगी फैला रहा है, बल्कि स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, पर्यटकों एवं स्कूल जाने वाले बच्चों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन गया है। पर्यटन नगरी की छवि पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा विभागों से आग्रह है कि इस समस्या का समाधान बिना विलंब, तत्काल प्रभाव से कराया जाए। यदि शुक्रवार को दोपहर 2 बजे तक इस पर कार्रवाई शुरू नहीं होती है, तो मेरे अथवा मेरे प्रतिनिधि की ओर से पुनः स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद भी स्थिति जस की तस रही तो जनहित में मजबूरन इस प्रकरण को माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।












