पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नैनीताल के प्रतिष्ठित विद्यालय, ऑल सेंट्स कॉलेज में हर वर्ष की भांति, इस वर्ष भी पृथ्वी दिवस का बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हालांकि 22 अप्रैल को परीक्षाओं एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के कारण पृथ्वी दिवस का आयोजन उस दिन संभव नहीं हो सका, इसलिए आज विशेष रूप से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विद्यालय में आयोजित सभी कार्यक्रमों का मुख्य विषय प्रकृति और उसका संरक्षण रहा, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। विद्यालय में नर्सरी से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियों द्वारा जागरूकता फैलायी।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 के विद्यार्थियों ने पृथ्वी को बचाने की शपथ ली और सभी से पृथ्वी मां को । कक्षा 2 के बच्चों ने सुंदर कविता पाठ कर सभी को प्रकृति प्रेम का संदेश दिया। कक्षा 3 के विद्यार्थियों ने प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा 4 के बच्चों ने मनमोहक नृत्य से सभी का मन मोह लिया। कक्षा 5 के विद्यार्थियों ने गीत प्रस्तुत कर पृथ्वी दिवस के महत्व एवं इसके इतिहास पर प्रकाश डाला।
वहीं नर्सरी से यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा इन पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजिना रिचर्ड्स ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी हमारी माता है और इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने बच्चों से जल संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे आज से छोटी-छोटी अच्छी आदतें अपनाएँगे, तो भविष्य में एक स्वच्छ और हरित भारत का निर्माण संभव होगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने “Our Earth, Our Power” के संदेश को अपनाते हुए पृथ्वी को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया।










