नैनीताल जिमखाना की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, खेल सुविधाओं की कमी पर उठे सवाल

नैनीताल l समाजसेवी हरीश राणा ने नैनीताल क्लब में पत्रकार वार्ता कर नैनीताल जिमखाना और आवास विभाग की नजूल भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह संपत्ति शासन की है, इसके बावजूद नगर पालिका नैनीताल और जिमखाना एग्रीमेंट के तहत वहां पार्किंग का निर्माण कर रहा है।
हरीश राणा ने ईद पर जिमखाना परिसर में नमाज को लेकर पैदा हुई विवाद की स्थिति की आलोचना की। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि नगर पालिका की ओर से सड़क चौड़ीकरण के नाम पर जो पार्किंग बनाई जा रही है, उससे आज तक हुई वसूली का संज्ञान लिया जाए और कब्जेदार संस्था से वसूली की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी पैसा खर्च होने के बावजूद खिलाड़ियों को कोई खेल सुविधा नहीं मिल रही है। नैनीताल में बॉक्सिंग रिंग नहीं है, हॉकी टर्फ नहीं है, केवल क्रिकेट ही संचालित हो रहा है। खिलाड़ियों को अन्य खेलों की सुविधाओं की भी सख्त जरूरत है। राणा ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि सरकार का पैसा बेवजह खर्च होने से रोका जाए और जिमखाना परिसर में सभी खेलों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएं ताकि स्थानीय युवाओं को लाभ मिल सके।










