आजीविका सरस मेला 2026 हल्द्वानी में, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी ने लगाया वित्तीय साक्षरता कैंप

नैनीताल। राष्ट्रीय आजीविका सरस मेला 2026 का आयोजन एम बी इंटर कॉलेज मैदान हल्द्वानी में चल रहा है। यह आयोजन 24 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चलेगा। सरस मेले में देश भर से आए उद्यमियों, हस्तशिल्पहियों बुनकर, लघु एवं सूक्ष्म उद्यम से संबंधित स्वरोजगारियों, महिला स्वयं सहायता समूह सहित अनेक उद्यमियों ने अपने स्टाल लगाए हैं। इन स्टाल के माध्यम से भदोही के कालीन हो या लोहाघाट आदि के आयरन क्राफ्ट सहित वूलन परिधान एवं जैविक खाद्य उत्पादों सहित विभिन्न उत्पादों को विपणन हेतु रखा गया है। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी के द्वारा भी आज विकासखंड भीमताल के एनआरएलएम योजना में उपासक एम एस गुसाई एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधक लता सुयाल के समन्वय से एक वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के जागरूकता सलाहकार बी डी नैनवाल द्वारा बैंक की विभिन्न ऋण जमा और बीमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपस्थित समूह की महिलाओं एवं आम जनमानस को दी गई। उनके द्वारा बताया गया की महिला उद्यमियों को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक स्वरोजगार तथा आर्थिक उन्नति के लिए सदैव ही प्रतिबद्धता के साथ 300 शाखाओं के माध्यम से प्रदेश के सभी जनपदों में वित्तीय सुविधा उपलब्ध करा रहा है। मानसिंह गुसाई एवं लता सुयाल द्वारा भी एन आर एल एम सहित सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बताते चलें कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी सहायक महाप्रबंधक कमल वर्मा के कुशल नेतृत्व में महिला उद्यमियों किसानों और व्यवसायिओं तथा एमएसएमई को बढ़ावा देने हेतु वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराते हुए आर्थिक उन्नयन में भागीदारी निभा रहा है।













