डीएसबी परिसर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में मेरा युवा भारत, नैनीताल, उत्तराखंड, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
प्रोफ़ेसर संजय पंत ने कार्यक्रम के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में नशे की प्रवृत्ति लगातार बढ़ना चिंता का विषय है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा युवाओं को जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नई चीजों को जानने और प्रयोग करने की स्वाभाविक प्रवृत्ति, तनाव तथा प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण कई बार युवाओं को नशे की ओर धकेल देते हैं। उन्होंने कहा कि नशे की लत एक गंभीर समस्या है, जिससे बाहर निकलना कठिन हो सकता है। इसलिए युवाओं को शुरुआत से ही सतर्क रहना चाहिए और नशे से दूर रहना चाहिए।
इस अवसर पर प्रो. ललित तिवारी ने नशे के इतिहास तथा विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों जैसे गांजा, अफीम, हेरोइन और कोकीन के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थ मस्तिष्क और शरीर के बीच होने वाले सामान्य संचार को प्रभावित करते हैं तथा मस्तिष्क में डोपामिन के स्तर में असामान्य वृद्धि कर नशे की लत को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम, 1985 के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने युवाओं को जीवन में सकारात्मक सोच रखने और संतुलन बनाए रखने की सलाह दी।
डॉ. एच.सी.एस. बिष्ट विभागाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि डीएसबी परिसर हमारा अपना परिसर है और इसे नशामुक्त रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार के वातावरण से दूरी बनाना तथा सही जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को स्पष्ट संदेश दिया— “Say No to Drugs.”
श्री मदन मेहरा ने नशे के कारण मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता, ध्यान केंद्रित करने की क्षमता और नींद के चक्र पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समय पर परामर्श अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को अपनी रुचि के कार्यों में भाग लेने तथा आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। साथ ही राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम तथा सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA), 2003 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या की प्रारंभिक पहचान और समय पर परामर्श से इसके दुष्प्रभावों को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उप निदेशक युवा विभाग भारत सरकार ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को सकारात्मक विचार अपनाने, अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा जीवन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिंदगी पर ध्यान देना चाहिए और स्वयं की तुलना दूसरों से करने के बजाय अपनी खुशियों, उपलब्धियों और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए अंत में सभी वक्ताओं ने एक स्वर में युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वयं और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और एक स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना रहा । कार्यक्रम का संचालन काटे हुए डीन एजुकेशन डॉ ललित तिवारी सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई । राष्ट्रगीत ,राष्ट्र तथा कुलगीत से कार्यक्रम प्रारंभ हुआ ।
कार्यकम में डॉ.शिवांगी, डॉ मुकेश सामंत ,डॉ दीपक कुमार ,डॉ हृदेश कुमार ,डाॅ. दिव्या, कथायत ,आरती ,डॉ. नवीन, डाॅ. दीपक आर्य, डाॅ. पूजा जोशी , स्कॉलर लता नितवाल, भावना पांडे, पूजा साहित 110 छात्र उपस्थित रहे | कार्यक्रम में सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेट किए गए ।











