खस्ताहाल वाहन बना हादसे की वजह: ओवरलोड कूड़ा गाड़ी पलटी, बड़ा हादसा टला
नैनीताल। नगर पालिका के कूड़ा वाहनों की जर्जर हालत शनिवार को फिर सामने आई जब बिरला चुंगी से कूड़ा लेकर आ रहा एक वाहन बीच रास्ते में पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन का पट्टा अचानक टूटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय पास में मौजूद एक बच्चा समय रहते हट गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वाहन पलटने से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि “वाहन में क्षमता से अधिक कूड़ा लोड होने के कारण पट्टा टूट गया था।” उन्होंने कहा कि क्रेन की मदद से कूड़े को हटवा दिया गया है और पलटे वाहन के मलबे को भी हटाने का काम जारी है। कहा कि पालिका के अधिकांश वाहन काफी पुराने हो चुके हैं और उन्हें तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद सभी वाहनों की फिटनेस जांच कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।









