पर्यटक वाहन खाई में गिरा एक की मौत तीन घायल

नैनीताल। शनिवार देर शाम भवाली से लौट रहे हरियाणा के पर्यटकों की स्कॉर्पियो भूमियाधार के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो से तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद घायलों और मृतक को खाई से बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि हरियाणा से आए पर्यटक शनिवार को घूमने के लिए क्षेत्र में पहुंचे थे। शाम घूमने के बाद देर शाम सभी स्कॉर्पियो से लौट रहे थे। भूमियाधार के समीप पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। वाहन को खाई में गिरता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाई गहरी होने और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतक को खाई से बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए भवाली अस्पताल भेजा गया।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि भूमियाधार के समीप स्कॉर्पियो के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसे में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति की मौत हुई है । पुलिस के अनुसार वाहन में अभय 27, राहुल 22, विनोद 30 तीनों करनाल निवासी हैं, जबकि विक्रम पानीपत हरियाणा का है। हरियाणा निवासी मृतक सोनू है। इस घटना में घायल तीनों युवकों का भवाली सीएससी में उपचार चल रहा है। मृतक सोनू को पोस्ट मार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है, जबकि गंभीर रूप से घायल विक्रम को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।










