नैनीताल में 25 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जूट बैग व हस्तशिल्प का प्रशिक्षण


नैनीताल l नैनीताल में स्वयं सहायता समूह की 25 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जूट बैग और हस्तशिल्प का 35 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मंगलवार को प्रशिक्षण का सातवां दिन था।
राजकीय जूट बोर्ड के निदेशक की पहल पर यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। सूडा अनुभाग की सीटी मिशन मैनेजर सीमा पांडे ने बताया कि दीनदयाल राष्ट्रीय शहरी अंत्योदय योजना के तहत निर्मला सोशल रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी महिलाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण दे रही है। प्रशिक्षण के लिए कोलकाता से विशेषज्ञ पुष्पजीत मजूमदार को बुलाया गया है। वे महिलाओं को जूट बैग बनाने की बारीकियां सिखा रहे हैं। सीमा पांडे ने कहा कि यह प्रशिक्षण महिलाओं को कौशल देकर आत्मनिर्भर बनाने के साथ स्थानीय हस्तशिल्प को भी बढ़ावा देगा। निर्मला सोशल रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद स्वरोजगार शुरू करने वाली महिलाओं को मशीनों पर 70 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। साथ ही उनके उत्पादों के लिए बाजार भी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण में महिलाएं उत्साह से भाग ले रही हैं और जूट से बैग, फाइल फोल्डर व अन्य सजावटी सामान बनाना सीख रही हैं।