कुमाऊँ विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित
नैनीताल । उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के आकस्मिक निधन पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कार्यालय आदेश जारी कर समस्त परिसरों एवं विभागों को आवश्यक निर्देश प्रेषित किए गए हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी ने उत्तराखण्ड राज्य के विकास, सुशासन तथा जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन राज्य एवं देश के लिए अपूरणीय क्षति है।
प्रभारी कुलसचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार उत्तराखण्ड शासन के पत्र के क्रम में दिनांक 19 मई से 21 मई 2026 तक विश्वविद्यालय एवं उसके समस्त परिसरों में राजकीय शोक रहेगा। इस अवधि में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा तथा किसी प्रकार के शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
साथ ही, पूर्व मुख्यमंत्री की अन्त्येष्टि के अवसर पर दिनांक 20 मई 2026 को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन एवं समस्त परिसरों के कार्यालय बंद रहेंगे। हालांकि पूर्व निर्धारित विश्वविद्यालय परीक्षाएँ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत सम्पन्न कराई जाएंगी।









