मोहर्रम पर नैनीताल में निकला ताजिया और मातमी जुलूस
नैनीताल। नैनीताल में शुक्रवार को मोहर्रम के मौके पर नैनीताल में मुस्लिम समुदाय ने ताजिया जुलूस और मातमी जुलूस निकाला। इमाम हुसैन की शहादत की याद में शहर के मल्लीताल और तल्लीताल क्षेत्र में दिनभर कार्यक्रम हुए।
मल्लीताल में मोहर्रम कमेटी के बैनर तले चार बजे रॉयल होटल से ताजिया जुलूस शुरू हुआ। अखाड़ों में लोगों ने करतब दिखाए और डोल-ताशों के साथ जुलूस देर रात सूखाताल स्थित कर्बला पहुंचकर संपन्न हुआ। तल्लीताल में शिया समुदाय ने मातमी जुलूस निकाला। इससे पहले मंजूर हुसैन के निवास पर मजलिस हुई, जिसमें अलीगढ़ से आए मौलाना हैदर नवी ने इमाम हुसैन की शहादत पर प्रकाश डाला। सिरसी से आए मौलाना मैजर जैदी भी जुलूस में शामिल हुए। जुलूस हरिनगर, रईस होटल होते हुए मोटापानी इमामबारगाह पहुंचा। इस दौरान लोगों ने ‘या हुसैन, या हुसैन’ के नारे लगाए और रक्त बहाकर मातम मनाया। जुलूस में महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। इस दौरान मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष नाज़िम बख्श, नायब सदर तस्लीम बख्श, महासचिव समीर अली, सचिव मोहम्मद कासिम, कोषाध्यक्ष मोहम्मद अज़ीम, मोहम्मद नसीम, मोइन गुड्डा, सलीम बबलू, इब्राहिम, मोहम्मद काशिफ, आरिफ हुसैन, रिहान, फारूक, अब्दुल वासित, नाज़िम, आशु बख्श, मोहसिन बख्श, अमीर हुसैन आदि मौजूद रहे।












