किशोर व किशोरियों के स्वास्थ्य व अधिकारों पर खुला संवाद, 60 प्रतिभागियों ने रखे विचार
नैनीताल। जिले में किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य और अधिकारों को लेकर आयोजित जिला स्तरीय संवाद कार्यक्रम में युवाओं ने खुलकर अपने विचार रखे। मल्लीताल स्थित सेवा समिति हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य, मानसिक स्थिति, व्यवहार और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।नैनीताल विमर्श संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बेतालघाट और कोटाबाग ब्लॉक से पहुंचे करीब 60 किशोर-किशोरियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उनके स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपनी बात रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा।संस्था समन्वयक कंचन भंडारी ने बताया कि संवाद के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी किशोरों को जरूरी जानकारी दी। बताया कि ‘तरंग मेरे सपने मेरी उड़ान’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में किशोरों के भविष्य, उनकी मनोस्थिति और व्यवहारिक पहलुओं पर विशेष फोकस किया गया। इस दौरान मुकुल कुमार ने समाज में किशोरों के अधिकारों और उनसे जुड़े कानूनों की जानकारी दी, जबकि हेम जलाल ने स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में गायत्री, हरीश कुमार व किशन, विशाल, आशीष, लतिका, रेखा, गीतांजलि, आरजू व खुशबू पंत समेत अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार ऐसे संवाद कार्यक्रम किशोरों को सशक्त बनाने और उन्हें सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है ।










