नैनीताल में अब रात 12 बजे तक खुलेंगे सार्वजनिक शौचालय

नैनीताल। नैनीताल में आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधाओं में इजाफा करना शुरू कर दिया है। शहर में आने वाले पर्यटकों को देर रात होने वाली असुविधाओं से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। अब शहर के सभी मुख्य सार्वजनिक शौचालय रात 12 बजे तक खुले रहेंगे।
अक्सर देखा गया है कि देर शाम तक मॉलरोड और नैनी झील के आस-पास घूमने वाले पर्यटकों को शौचालय बंद होने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह एक बड़ी समस्या बनी हुई थी। अब पालिका प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। ईओ शर्मा ने कहा पालिका का मुख्य उद्देश्य नैनीताल आने वाले पर्यटकों को बेहतर और सुलभ सुविधाएं प्रदान करना है। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक शौचालयों का समय बढ़ाकर रात 12 बजे तक कर दिया गया है। संबंधित कर्मचारियों को स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन करने और शौचालयों में मूलभूत सुविधाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।