73 लाख रुपये से होगा टपूवा–बबियाड़ क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण – कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा

भीमताल। कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत टपूवा–बबियाड़ मोटर मार्ग, जो भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था, उसके पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए लगभग 73 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत होने जा रही है। इस संबंध में शासन स्तर पर स्वीकृति की कार्यवाही गतिमान है और जल्द ही धनराशि स्वीकृत कर दी जाएगी।
मंत्री कैड़ा ने बताया कि उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग को शीघ्र दुरुस्त करने तथा आम जनता को आवागमन में हो रही परेशानियों से निजात दिलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि कुछ लोग ऐसे विकास कार्यों पर भी राजनीति कर रहे हैं, जिनके लिए धनराशि स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। विपक्ष को जनता को गुमराह करने के बजाय विकास कार्यों में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि जनता को राहत देना ही उनका संकल्प है और क्षेत्र के विकास के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।












