नगर पालिका कर्मचारी मनोरंजन क्लब ने कुमाऊँ कप फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए डीएसए महासचिव को भेजा पत्र

नैनीताल। खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नैनीताल में खेल गतिविधियों को तेज करने की कवायद शुरू हो गई है। इसी क्रम में नगर पालिका कर्मचारी मनोरंजन क्लब, नैनीताल की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि खेल भावना को प्रोत्साहित करने के लिए वर्ष 2026-2027 में ‘द्वितीय कुमाऊँ कप फुटबॉल टूर्नामेंट’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रतियोगिता की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में पूरी योजना तैयार करने के बाद क्लब द्वारा डीएसए के अवैतनिक महासचिव मनोज जोशी को एक आधिकारिक पत्र भेजा गया। इस पत्र के माध्यम से क्लब ने अनुरोध किया है कि वर्तमान में मैदान पर चल रहे लैंडोलीग टूर्नामेंट के सफल समापन के उपरांत, आगामी ‘द्वितीय कुमाऊँ कप फुटबॉल टूर्नामेंट’ के सफल और सुचारू आयोजन के लिए डीएसए खेल मैदान आवंटित करने का कष्ट करें। क्लब ने उम्मीद जताई है कि मैदान मिलने से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच मिलेगा।इस पूरी बैठक और महासचिव को पत्र भेजने की प्रक्रिया के दौरान क्लब अध्यक्ष ललित मोहन पांडे, भोपाल सिंह नेगी, मोहन चिलवाल, बिलाल अली, राजेंद्र उप्रेती, हंसादत्त बहुगुणा और रोहित भाटिया आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।