नैनीताल में 17 से 26 अगस्त तक आयोजित होगा MENU कैम्प-2026, 5 यूके नेवल यूनिट NCC द्वारा नौकायन अभियान के साथ साहस, नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व पर विशेष जोर

नैनीताल, 14 अगस्त 2026। 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी, नैनीताल द्वारा मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट (MENU) कैम्प-2026 का आयोजन 17 से 26 अगस्त 2026 तक नैनीताल में किया जाएगा। कैम्प का मुख्य उद्देश्य एनसीसी कैडेटों में साहस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी, नैनीताल के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि इस वर्ष कैम्प में 60 कैडेट—35 एसडी एवं 25 एसडब्ल्यू भाग लेंगे। कैम्प का मुख्य आकर्षण नैनी झील में नौकायन अभियान (सेलिंग एक्सपीडिशन) होगा। इसके माध्यम से कैडेटों को नौकायन, सीमैनशिप, टीमवर्क, नेतृत्व, अनुशासन तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कैम्प के दौरान कैडेटों को नियमित नौसैनिक प्रशिक्षण के अतिरिक्त विभिन्न साहसिक एवं व्यक्तित्व विकास गतिविधियों में भी शामिल किया जाएगा। इनमें फायरिंग, ऑब्स्टेकल एवं एडवेंचर गतिविधियां, तैराकी, जल सुरक्षा एवं जीवन रक्षक प्रशिक्षण तथा आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार प्रमुख हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य कैडेटों में आत्मविश्वास, धैर्य, शारीरिक क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और जीवन-रक्षा कौशल विकसित करना है।
कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि एनसीसी कैडेटों को नौसैनिक गतिविधियों एवं नौसैनिक संस्कृति से परिचित कराने के लिए शिप मॉडलिंग, सीमैनशिप तथा बेसिक सर्विस सब्जेक्ट्स से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे कैडेटों को नौसैनिक कार्यप्रणाली, परंपराओं और व्यावहारिक कौशल की जानकारी प्राप्त होगी।
कैम्प में वृक्षारोपण, प्लास्टिक-मुक्त नैनी झील अभियान, झील संरक्षण, स्वच्छ भारत अभियान तथा हेरिटेज वॉक एवं सामुदायिक संवाद जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। जनजागरूकता बढ़ाने के लिए कैडेटों द्वारा नुक्कड़ नाटक, रैलियों एवं अन्य जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेनू कैम्प का उद्देश्य केवल सैन्य अथवा नौसैनिक प्रशिक्षण देना नहीं है, बल्कि कैडेटों में नेतृत्व, टीमवर्क, अनुशासन, चरित्र निर्माण, सामाजिक चेतना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। नैनी झील पर आयोजित नौकायन अभियान कैडेटों को वास्तविक परिस्थितियों में अपने कौशल का प्रयोग करने और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा।
मेनू प्रतियोगिता में नौसैनिक इकाइयों का मूल्यांकन सेलिंग एक्सपीडिशन और व्हेलर पुलिंग के आधार पर किया जाता है। सेलिंग एक्सपीडिशन में तय दूरी, अभियान की अवधि, भाग लेने वाली नौकाओं एवं कैडेटों की संख्या, प्रचार-प्रसार तथा कैडेटों द्वारा प्रदर्शित साहसिक एवं उद्यमशील भावना जैसे विभिन्न मानकों को ध्यान में रखा जाता है। सामाजिक जागरूकता के लिए किए गए प्रयासों को भी विशेष महत्व दिया जाता है।
इस अवसर पर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर कमांडर राकेश रावत, लेफ्टिनेंट प्रो. रीतेश साह, एडमिन ऑफिसर भगवत बिष्ट, गणेश नयाल, रमेश तिवारी, कमलेश जोशी, चीफ इंस्ट्रक्टर अरविंद, इंस्ट्रक्टर सुधीर थलवाल तथा सनी कुमार उपस्थित रहे।