बल्दियाखान जंगल में भीषण आग लगी

नैनीताल। बल्दियाखान के समीप बृहस्पतिवार सुबह लगी जंगल की आग ने कुछ ही घंटों में विकराल रूप धारण कर लिया। खड़ी पहाड़ी पर तेजी से फैलती लपटों ने न सिर्फ वन विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए।
फायर वाचरों के अनुसार, बृहस्पतिवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाए जाने की आशंका है। हवा, खड़ी पहाड़ी और सूखी वनस्पति के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। पहाड़ी से नीचे गिरते जलते ठीटे आग को और भड़काने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के लिए मुसीबत बन गए। आग से उठ रहे घने धुएं के कारण पास से गुजर रही सड़क पर वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। एसडीओ ममता चंद ने बताया कि स्थिति पर काबू पाने के लिए टीम को क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











