एरीज में विश्व पर्यावरण दिवस पर हुए कई कार्यक्रम

नैनीताल: आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। जिसके अंतर्गत कई जागरूकता कार्यक्रमों और स्कूली छात्रों के लिए क्विज एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “प्रकृति से प्रेरणा। जलवायु के लिए। हमारे भविष्य के लिए।” के अनुरूप एरीज के निदेशक डॉ मनीष कुमार नजा तथा अन्य वायुमंडलीय वैज्ञानिकों डॉ उमेश चन्द्र दुम्का व डॉ प्रियंका श्रीवास्तव ने छात्रों को पर्यावरण के महत्त्व, जल संसाधनों के संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की समस्या इत्यादि पर व्याख्यान दिए। भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार जीते।
यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर की प्रो. यू लिया ई ने दीर्घकालिक प्रदूषकों जैसे प्लास्टिक कण पर ऑनलाइन व्याख्यान दिया। समारोह के मुख्य अतिथि कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो दिवान सिंह रावत ने विवि का परिचय देते हुए आधुनिक जीवन में रसायन विज्ञान पर अपने विचार व्यक्त किये। साथ ही एरीज के शोध छात्रों की हौसला अफजाई भी की। शोध छात्रों ने हनुमानगढ़ी मंदिर के पास श्रमदान कर साफ़ सफाई की और एरीज में वृक्षारोपण भी किया। इस पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सतत भविष्य के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना था।