नैनीताल में गैस आपूर्ति सामान्य, पूर्व की भांति रोटेशन की मांग
नैनीताल। नैनीताल नगर के क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेण्डर की कमी के दौरान वार्ड स्तर पर की गई आपूर्ति के बाद अब स्थिति सामान्य हो रही है। इसे देखते हुए नगर पालिका के सभासदों ने प्रशासन व कुमाऊँ मण्डल विकास निगम से पूर्व की भांति रोटेशन के आधार पर गैस वितरण शुरू करने का अनुरोध किया है।
मंगलवार को सभासदों ने केएमवीएन नैनीताल को भेजे पत्र में बताया गया कि आम जनमानस के अनुरोध पर एलपीजी सिलेण्डर की कमी के कारण प्रत्येक वार्ड में आपूर्ति कराई गई थी। नैनीताल की जनता ने केएमवीएन के इस सराहनीय कार्य पर आभार जताया है। पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में स्थिति सामान्य हो रही है। ऐसे में विभिन्न स्थलों पर लगने वाली अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए पूर्व की भांति रोटेशन के आधार पर गैस वितरण किया जाना उचित होगा। जनहित को देखते हुए संबंधितों को रोटेशन से गैस वितरण के निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया है, ताकि लोगों को सहूलियत मिले और भीड़भाड़ की स्थिति न बने। इस दौरान सभासद मुकेश जोशी, भगवत रावत, जितेंद्र कुमार पांडे, रमेश प्रसाद लता दफोटी, गीता उप्रेती गजाला कमाल, शीतल कटियार, पूरन बिष्ट, सुरेंद्र कुमार, राकेश पवार, अंकित चंद्र आदि मौजूद रहे l











