सभासद ने लगाया वार्ड में सफाई व्यवस्था में पक्षपात का आरोप, हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
नैनीताल। नगर पालिका परिषद नैनीताल के अयारपाटा वार्ड संख्या 8 के सभासद मनोज साह जगाती ने वार्ड में सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था की अनदेखी का आरोप लगाते हुए अध्यक्ष को पत्र लिखा है।पत्र में सभासद ने कहा है कि पूर्व बोर्ड बैठक में लेक ब्रिज टेंडर को लेकर हंगामा हुआ था, क्योंकि सर्वाधिक धनराशि वाले ठेकेदार को टेंडर दिया गया था। उन्होंने अध्यक्ष के इस फैसले का समर्थन किया था। आरोप है कि तभी से पालिका प्रशासन उनके वार्ड में सफाई व्यवस्था की अनदेखी कर रहा है।सभासद का कहना है कि अध्यक्ष के आदेश के बावजूद किरलानी कंपाउंड क्षेत्र के जंगल में संबंधित अधिकारी ने सफाई अभियान चलाने से मना कर दिया, जबकि अन्य वार्डों में कई बार अभियान चलाया जा रहा है। घरों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा और सड़कों किनारे लगे कूड़े के ढेर भी नहीं हटाए जा रहे हैं। यह सब उनकी छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है।उन्होंने मांग की है कि पत्र को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई की जाए, अन्यथा वे पालिका की कार्यप्रणाली के खिलाफ उच्च न्यायालय जाने को मजबूर होंगे। पत्र की प्रतिलिपि निदेशक शहरी विकास निदेशालय देहरादून और आयुक्त कुमाऊं को भी भेजी गई है।











