रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी पर कांग्रेसियों का प्रदर्शन

नैनीताल: रसोई गैस सिलिंडर के दामों में 29 रुपये बढ़ोतरी पर कांग्रेस ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। नगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर बढ़ी हुई कीमत वापस लेने की मांग की।
सोमवार को नगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता मल्लीताल रिक्शा स्टेंड के समीप एकत्रित हुए। जहां उन्हाेंने गैस सिलिंडर की बढ़ी कीमत व बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाकर बढ़ी हुई कीमत वापस लेने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक ही बार में गैस सिलिंडर में 29 रुपये की बढ़ोतरी ने गरीब जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल डीजल के बाद अब गैस सिलिंडर और महंगा होने के कारण लोगों का घर चलाना दूभर हो गया है। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व पालिकाध्यक्ष संजय कुमार संजू, अंकित चंद्रा, संजय कुमार, अवतार सिंह रावत, भय्यू सती, मोहित बिष्ट, मनोज ममगई, नितिन जाटव, पीके शर्मा, राजेंद्र व्यास, सुनीता आर्या, पवन जाटव समेत तमाम लोग मौजूद रहे।