भीमताल ब्लॉक प्रमुख ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण, सड़क व पेयजल व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश


नैनीताल। ब्लॉक प्रमुख डॉ हरीश सिंह बिष्ट ने शुक्रवार को देवीधुरा–बोहरागांव–बेल- नाइसेला क्षेत्र में निर्माणाधीन विकास कार्यों और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नाईशिला में जनसमस्याओं के समाधान के लिए शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें उन्होंने लोगों की ​शिकायतें सुनी।निरीक्षण के दौरान देवीधूरा से नाईशिला सड़क की खराब स्थिति सामने आई। जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। इस पर ब्लॉक प्रमुख ने मौके पर मौजूद पीएमजीएसवाई अधिकारियों को एक माह के भीतर सड़क की मरम्मत और गुणवत्तापूर्ण सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा डामरीकरण और सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग पर भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी उनकी प्राथमिकता है और इस मार्ग के सुधरने से बोहरागांव, बेल और नाईशिला जैसे दूरस्थ गांवों को राहत मिलेगी। उन्होंने बोहरागांव में ग्राम पंचायत व कृषि विभाग के निर्माणाधीन कार्यों का भी निरीक्षण कर तय समय में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति की समस्या व जंगल से गुजर रही लाइन को मुख्य मार्ग के किनारे शिफ्ट करने की मांग रखी। इस पर ब्लॉक प्रमुख ने अधिशासी अभियंता को बसानी से नाईसेला-बेल तक विद्युत लाइन को मुख्य मार्ग के किनारे लाने के निर्देश दिए। मोना-बाना क्षेत्र में पेयजल योजना पर 18 लाख रुपये खर्च होने के बावजूद एक माह से पानी आपूर्ति न होने पर भी नाराजगी जताई गई। इस पर प्रमुख ने संबंधित विभाग को 15 दिनों के भीतर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को नहरों की सफाई व मरम्मत के निर्देश दिए गए, जिस पर विभागीय अधिकारियों ने मई के प्रथम सप्ताह से कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया। वहीं, शिक्षा और उद्यान विभाग के अधिकारियों के शिविर में अनुपस्थित रहने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ब्लॉक प्रमुख ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान इस दौरान ग्राम प्रधान प्रेमा बरगली, ललिता मलाडा , कैप्टन प्रताप नगरकोटी, सुरेंद्र सिंह छेत्र पंचायत सदस्य संदीप गोस्वामी बंटी, हिमांशु पांडे, पूर्व प्रधान धर्मेंद्र रावत, चम्पा बिष्ट, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।