ऑल सेंट्स कॉलेज में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया ऑल सेंट्स ईव

नैनीताल, 31 अक्टूबर। ऑल सेंट्स कॉलेज में शनिवार को ऑल सेंट्स ईव का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। विद्यालय के प्रार्थना कक्ष में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संतों के जीवन, उनके अटूट विश्वास, त्याग और समर्पण को स्मरण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हेड गर्ल वान्या वारसी द्वारा बुक ऑफ रिवेलेशन से धर्मग्रंथ का पाठ कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजिना रिचर्ड्स ने बुक ऑफ मैथ्यू से पाठ किया। दोनों पाठों ने उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक संदेश प्रदान किया।
इस अवसर पर पास्टर जॉन जॉर्ज मुनव्वर ने अपने संदेश में संतों के जीवन और उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संतों ने जीवन की कठिन परिस्थितियों, परीक्षाओं और विपत्तियों का सामना अटूट विश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ किया। उनका विश्वास, त्याग और सत्य के प्रति समर्पण ही उन्हें संतत्व की ओर ले गया। उन्होंने सभी से संतों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की क्वायर ने ईश्वर की स्तुति में विभिन्न भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों से प्रार्थना कक्ष भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने संतों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए विश्वास, सच्चाई और त्याग के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश प्राप्त किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रार्थना के साथ हुआ। इस दौरान सेंट मेरीज़ कॉन्वेंट कॉलेज की प्रधानाचार्या सिस्टर टॉमसी, सनवाल स्कूल की करिश्मा सनवाल, श्री और श्रीमती इरविन, हसन राजा, गीता साह, राखी साह, आलोक साह, विद्यालय की अनेक पूर्व छात्राएं तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
ऑल सेंट्स ईव का यह आयोजन विद्यालय परिवार के लिए आध्यात्मिक चिंतन, आस्था और संतों के आदर्शों को स्मरण करने का विशेष अवसर बना।













