पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर सरिताताल झील में गिरी

नैनीताल। नैनीताल घूमने आए पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे लुढ़कते हुए सीधे सरिताताल झील में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में चार पर्यटक सवार थे। स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ के चलते सभी को सुरक्षित बचा लिया गया है। बताया जा रहा है कार की स्पीड काफी तेज थी, जिस वजह से यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब पर्यटक नैनीताल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सरिताताल के पास चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा। स्थानीय निवासी अभय बवाडी ने बताया कि कार पहाड़ी से नीचे गिरने के बाद सीधे झील में समा गई। गाड़ी गिरते ही चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आस-पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। कार गिरने के बाद दो पर्यटक किसी तरह खुद ही बाहर निकल आए, जबकि बाकी दो लोग अंदर ही फंस गए थे। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद बाकी दोनों पर्यटकों को भी पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि इस खतरनाक हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सभी पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित हैं।