अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उच्च न्यायालय नैनीताल से योग का संदेश
नैनीताल। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को उच्च न्यायालय नैनीताल परिसर में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग उत्तराखंड की ओर से भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम योगः कर्मसु कौशलम् तथा स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रही।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी नैनीताल डॉ. एमएस गुंजियाल के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वन्तरि की प्रतिमा पर पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जस्टिस सुभाष उपाध्याय, जस्टिस सिद्धार्थ साह एवं रजिस्ट्रार विजिलेंस सुबीर कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन आयुष नोडल अधिकारी एवं राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नैनीताल की चिकित्साधिकारी डॉ. रेनू आर्या ने किया। योग अनुदेशिका दीपिका मेहरा ने योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभाग किया। कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय स्टाफ को जनजागरूकता सामग्री वितरित की गई। साथ ही नमस्ते योग ऐप के उपयोग और महत्व की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में फार्मासिस्ट विमल पोखरियाल एवं संदीप जोशी ने सहयोग प्रदान किया। योग कार्यक्रम में कुल 150 लोगों ने हर्षोल्लास के साथ भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।












