कुविवि की शोध छात्रा सुबिया नाज को पीएचडी की उपाधि मिली

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग की शोध छात्रा सुबिया नाज ने अपनी पीएचडी की मौखिक परीक्षा (वाइवा) सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली है। उन्होंने अपना शोध कार्य रूरल वूमेन एंटरप्रेन्योर्स: प्रॉब्लम्स एंड प्रॉस्पेक्ट्स इन सिलेक्टेड माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज – ए स्टडी ऑफ रूरल वूमेन एंटरप्रेन्योर्स इन सिलेक्टेड ब्लॉक्स ऑफ नैनीताल डिस्ट्रिक्ट विषय पर डॉ. आरती पंत के निर्देशन में संपन्न किया।
मौखिक परीक्षा के दौरान परीक्षा बोर्ड के चेयरमैन के रूप में प्रो. अतुल जोशी (संकायाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष) उपस्थित रहे, जबकि बाह्य परीक्षक के रूप में दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. अमित कुमार सिंह ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने शोध में सुबिया ने नैनीताल जिले के चयनित विकासखंडों में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों से जुड़ी ग्रामीण महिला उद्यमियों की समस्याओं एवं संभावनाओं का विस्तृत अध्ययन किया है। शोध के निष्कर्ष बताते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमियों को अनेक सामाजिक, आर्थिक एवं संरचनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, वहीं उनके सशक्तिकरण और आर्थिक विकास के लिए कई अवसर भी उपलब्ध हैं। यह अध्ययन न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहायक होगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण से संबंधित सरकारी नीतियों को और प्रभावी बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। सुबिया नाज की इस उपलब्धि पर विभाग के शिक्षकों में डॉ. विजय कुमार, डॉ. ममता जोशी, डॉ. निधि वर्मा, डॉ. हिमानी जलाल, डॉ. विनोद जोशी, डॉ. जीवन उपाध्याय, डॉ. पूजा जोशी, डॉ. तेज चंद्र प्रकाश, डॉ. रितिशा शर्मा, डॉ. मेराज हुसैन, डॉ. तावेश तथा अमनदीप ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा शोध छात्र पंकज भट्ट, दीक्षा पंत, कार्यालय स्टाफ हिमांशु बिष्ट, घनश्याम पालीवाल, राधा देवी और विशन चंद्र सहित अन्य सहपाठियों ने भी उन्हें बधाई दी। सुबिया ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया।










