नाबार्ड के सहयोग से पिछौड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ


आज काठगोदाम, हल्द्वानी में चेष्टा विकास संस्था की अध्यक्ष सुमन अधिकारी द्वारा नाबार्ड के सहयोग से 18 दिवसीय पिछोड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में 30 महिलाओं द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त किया जाएगा तथा भविष्य में इससे रोजगार अपना कर स्वावलंबन तथा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मुकेश बेलवाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर अग्रणी बैंक प्रबंधक अमित बाजपेयी, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वित्तीय समावेशन विभाग से विनोद सनवाल वित्तीय जागरूकता सलाहकार बी डी नैनवाल, सुरेश बिष्ट भी उपस्थित रहे। नाबार्ड के डीडीएम मुकेश बेलवाल द्वारा जानकारी प्रदान की गई की महिलाओं को रोजगार से जोड़ते हुए स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाने हेतु नाबार्ड राष्ट्रीय स्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन कर रहा है इसी क्रम में जनपद नैनीताल में भी विभिन्न स्थानों पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वित्तीय जागरूकता सलाहकार बी डी नैनवाल द्वारा सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। चेष्टा संस्था की अध्यक्ष सुमन अधिकारी द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा प्रारंभ में सूक्ष्म स्तर से रोजगार प्रारंभ कर आज सैकड़ों महिला स्वयं सहायता समूह का गठन कर उनको रोजगार हेतु बैंक से संबद्ध किया गया है। इस अवसर पर अनेक मीडिया कर्मी और पत्रकार उपस्थित रहे कार्यक्रम का संचालन चेष्टा संस्था के समन्वयक मुकुल कुमार द्वारा किया गया।