नैनीताल पुलिस और नाव चालक ने लौटाया पर्यटक का खोया मोबाइल


नैनीताल। सरोवर नगरी के मल्लीताल क्षेत्र में मानवता और ईमानदारी का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। मल्लीताल बोट स्टैंड पर घूमने आए एक पर्यटक अनजाने में अपना कीमती मोबाइल फोन वहीं भूल गए। सौभाग्य से, यह मोबाइल एक स्थानीय नाव चालक के हाथ लगा, जिसने बिना किसी लालच के ईमानदारी का परिचय दिया। नाव चालक ने तत्काल यह फोन मल्लीताल पुलिस चौकी में जाकर वहां तैनात पुलिस कर्मी मनोज जोशी को सौंप दिया।
कांस्टेबल मनोज जोशी ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल के विवरण और तकनीकी सहायता से संबंधित पर्यटक का पता लगाया। पुलिस की ओर से संपर्क किए जाने पर पर्यटक ने राहत की सांस ली और चौकी पहुंचकर अपना फोन प्राप्त किया। पुलिस कर्मी और नाव चालक की इस संयुक्त ईमानदारी की हर तरफ प्रशंसा हो रही है। उल्लेखनीय है कि नैनीताल पुलिस लगातार “अतिथि देवो भव” की भावना के साथ पर्यटकों की सहायता के लिए सक्रिय रहती है, जिससे पर्यटन नगरी की छवि और भी बेहतर हो रही है।