100वीं अखिल भारतीय ट्रेड कप हॉकी प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने किया निरीक्षण
नैनीताल। आगामी 100वीं अखिल भारतीय ट्रेड कप हॉकी प्रतियोगिता – 2026 की तैयारियों को लेकर कुमाऊँ आयुक्त श्री दीपक रावत जी द्वारा DSA मैदान, नैनीताल में चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान आयुक्त महोदय ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किए जाएं, ताकि ऐतिहासिक 100वीं अखिल भारतीय ट्रेड कप हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन सफलता पूर्वक एवं भव्य रूप से संपन्न कराया जा सके।उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि नैनीताल शहर की गौरवशाली खेल परंपरा एवं पहचान का प्रतीक है। इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच एवं आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे, साथ ही नैनीताल की खेल संस्कृति को भी नई पहचान मिलेगी।इस अवसर पर जिला क्रीड़ा संघ (DSA) नैनीताल के अवैतनिक महासचिव श्री मनोज जोशी जी सहित श्री चंदलाल शाह जी (सचिव हॉकी), श्री पवन सिंह जी (सचिव फुटबॉल), श्री त्रिभुवन सिंह फर्त्याल जी (कार्यकारिणी सदस्य), श्री रवि जोशी जी (सचिव क्रिकेट), श्री करण सती जी (छात्र संघ अध्यक्ष), श्री पंकज बर्गली जी (सचिव वॉलीबॉल), श्री भारत सिंह मेहरा जी, श्री शैलेंद्र बिष्ट जी एवं श्री युवराज करायत जी उपस्थित रहे।जिला क्रीड़ा संघ के पदाधिकारियों ने कुमाऊँ आयुक्त महोदय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं प्रशासनिक सहयोग से प्रतियोगिता की तैयारियों को नई गति प्राप्त होगी और यह आयोजन नैनीताल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सिद्ध होगा। यह प्रतियोगिता देशभर के खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करने के साथ-साथ नैनीताल की खेल एवं पर्यटन पहचान को भी नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी।











