पद्मभूषण कोश्यारी के जन्मदिवस पर बीडी पांडे में फल वितरण


नैनीताल। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी के जन्मदिवस पर बुधवार को बीडी पांडे जिला अस्पताल में मरीजों एवं तीमारदारों के बीच फल वितरण किया गया। इस दौरान मरीजों का कुशलक्षेम जाना गया तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
कार्यक्रम में नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी का जीवन सादगी, सेवा, राष्ट्रभक्ति और जनकल्याण के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके जन्मदिवस को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना उनके आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर भाजपा नैनीताल मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया समेत कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरित कर उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की तथा भगत सिंह कोश्यारी के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है और इसी भावना के साथ भगत सिंह कोश्यारी का जन्मदिवस सेवा दिवस के रूप में मनाया गया।