तल्लीताल में लंगूरों का आतंक, हमला कर बुजुर्ग को किया घायल
नैनीताल। नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में लंगूरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। तल्लीताल घर के आंगन में धूप सेंक रहे एक बुजुर्ग पर लंगूरों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान एक लंगूर के हमले में बुजुर्ग घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, भाभर हॉल तल्लीताल निवासी 90 वर्षीय जेडी गुरुरानी अपने घर के बाहर धूप में बैठे हुए थे। इसी दौरान क्षेत्र में लंगूरों का एक झुंड पहुंच गया। इस दौरान कुछ देर बैठने के बाद बंदरो ने बुजुर्ग को काट दिया। बुजुर्ग किसी तरह खुद को बचाने का प्रयास कर ही रहे थे कि एक लंगूर ने उनके हाथ में नाखून गढ़ा दिए। घटना के बाद परिजन तत्काल उन्हें बीडी पांडे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की ओर से उनका उपचार किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तल्लीताल क्षेत्र में बंदरों और लंगूरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि लंगूरों और बंदरों को पिंजरे लगाकर पकड़ा जाए।







