नैनीताल के डी.एस.बी. परिसर में जंतु विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मनोज कुमार आर्या को विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है

नैनीताल । प्कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के डी.एस.बी. परिसर में जंतु विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मनोज कुमार आर्या को विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा तथा आज उनके द्वारा कार्यभार ग्रहण कर लिया गया । वन कीट विज्ञान, कीट जैव विविधता एवं पारिस्थितिकी के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव और उल्लेखनीय शैक्षणिक एवं शोध योगदान को देखते हुए उनकी नियुक्ति को विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रो. आर्या एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं प्रख्यात शोधकर्ता हैं। उन्हें एफआईएईएस की उपाधियों से सम्मानित किया गया है। उन्हें अध्यापन का 18 वर्षों से अधिक तथा शोध का 21 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने जंतु विज्ञान के क्षेत्र में अपने शोध कार्यों, वैज्ञानिक प्रकाशनों और शोधार्थियों के मार्गदर्शन के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके नाम तीन पुस्तकों एवं एक मोनोग्राफ के लेखन और संपादन का श्रेय है। इसके अतिरिक्त, उनके 70 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं तथा विभिन्न वैज्ञानिक पुस्तकों में उनके 30 से अधिक पुस्तक अध्याय प्रकाशित हुए हैं।
प्रो. आर्या को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं शोध योगदान के लिए अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2025 में उन्हें वैज्ञानिक अनुसंधान एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारपूर्ण योगदान के लिए ग्लोबल इनोवेटर अवॉर्ड प्रदान किया गया। वर्ष 2024 और 2025 में उन्हें कुमाऊँ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति द्वारा प्राणी विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए आउटस्टैंडिंग मेंटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसी वर्ष उन्हें जंतु विज्ञान में उत्कृष्ट योगदान के लिए नकद पुरस्कार एवं पदक भी प्रदान किया गया। वर्ष 2022 में उन्हें जूलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा प्रतिष्ठित माधवी श्याम मेडल तथा इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ साइंस एंड रिसर्च, कोलकाता द्वारा रिसर्च एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वर्ष 2019 में उन्हें भारतीय पर्यावरण विज्ञान अकादमी द्वारा इमर्जिंग यंग साइंटिस्ट गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। इससे पूर्व, वर्ष 2014 में 25वीं अखिल भारतीय जंतु विज्ञान कांग्रेस में भी उन्हें स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ था।
प्रो. आर्या अब तक 65 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों और संगोष्ठियों में सहभागिता कर चुके हैं तथा विभिन्न वैज्ञानिक आयोजनों में तकनीकी सत्रों की अध्यक्षता भी कर चुके हैं। उन्होंने सात पीएचडी शोधार्थियों का सफलतापूर्वक मार्गदर्शन किया है तथा तीन शोध एवं परामर्श परियोजनाओं का संचालन किया है। इसके साथ ही वे कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिक शोध पत्रिकाओं के संपादकीय मंडल से जुड़े हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में विशेषज्ञ समीक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।
प्रो. आर्या इंडियन साइंस कांग्रेस एसोसिएशन, इंडियन एकेडमी ऑफ एनवायरनमेंटल साइंसेज, जूलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया, एनवायरनमेंट एंड सोशल डेवलपमेंट एसोसिएशन, नई दिल्ली, इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ साइंस एंड रिसर्च, कोलकाता तथा एसोसिएशन ऑफ एंटोमोलॉजिस्ट्स, पंजाब सहित अनेक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के आजीवन सदस्य हैं। इसके अतिरिक्त, वे देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान की अनुसंधान सलाहकार समिति ( के सदस्य भी रहे हैं तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से भी जुड़े रहे हैं।
प्रो. मनोज कुमार आर्या के विभागाध्यक्ष बनने से डी.एस.बी. परिसर में शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। उनके व्यापक अनुभव, शोध के प्रति समर्पण और शैक्षणिक नेतृत्व से विभाग के प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को लाभ मिलने के साथ ही प्राणी विज्ञान के क्षेत्र में विभाग की शैक्षणिक एवं शोध संबंधी प्रतिष्ठा और मजबूत होने की अपेक्षा है।
प्रो. मनोज कुमार आर्या की इस उपलब्धि पर प्राणी विज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. एच.सी.एस. बिष्ट, डॉ. मुकेश सामंत, डॉ. दीपक कुमार आर्या, डॉ. नेत्र पाल शर्मा, डॉ. सीता देवली, डॉ. दीपक चंद्र मेलकानी, डॉ. मोहित सिंह रौतेला सहित विभाग के अन्य सम्मानित प्राध्यापकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इसके अतिरिक्त, कुमाऊँ विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी एवं निदेशक विजीटिंग प्रोफेसर निर्देशालय, प्रो. नीलू लोधियाल, प्रो. अनिल बिष्ट, डॉ. कपिल खुल्बे, विभागाध्यक्ष वाणिज्य डॉ. विजय कुमार, डीन कॉमर्स ,डॉ शिवांगी चन्याल , डॉ दीपक कुमार ,,डॉ दीपिका गोस्वामी ,डॉ हिमांशु लोहनी , ,डॉ कुबेर गिनती ,परिसर निदेशक प्रो. संजय पन्त ने भी प्रो. आर्या को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।एलुमनी सेल के अध्यक्ष डॉ बी एस कालाकोटी ,डॉ एस एस सामंत ,ज्योति कांडपाल ,डॉ भुवन आर्य ,डॉ मीना पांडे ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है ।