573 दिन, 10 राज्य और एक ही संकल्प – नशा मुक्त भारत, पैदल यात्री पल्लव देव पहुंचे नैनीताल असम से शुरू हुई यात्रा अब उत्तराखंड के अंतिम पड़ाव पर, आगे हरियाणा, पंजाब और लेह-लद्दाख की ओर बढ़ेंगे

नैनीताल, संवाददाता। गाड़ी छोड़कर पैदल ही पूरे भारत को नापने निकले असम के पल्लव देव शनिवार को नैनीताल पहुंचे। नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ वह बीते 573 दिन से सड़कों पर हैं। नैनीताल में उन्होंने युवाओं से नशा छोड़कर देश के लिए सोचने की अपील की।पल्लव देव ने बताया कि यात्रा 5 मई 2025 को असम के श्रीभूमि जिले के गांव रानीवाड़ी से शुरू हुई थी। असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से होते हुए वह उत्तराखंड पहुंचे हैं। यहां यात्रा लगभग पूरी होने वाली है। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लेह-लद्दाख होते हुए यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मकसद रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि हर गांव-शहर तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना है। उनका मानना है कि भारत के युवा नशा छोड़ दें तो भारत विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।बातचीत में पल्लव ने बताया कि बचपन से सपना आर्मी में जाने का था, लेकिन वह पूरा नहीं हो पाया। इसके बाद उन्होंने तय किया कि देश के लिए किसी और तरह से काम करेंगे। युवा नशे की गिरफ्त में हैं, यह देखकर उन्होंने पैदल यात्रा का फैसला लिया।उत्तराखंड के अनुभव पर उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का व्यवहार और संस्कृति बहुत अच्छी लगी। समर्थन भी ठीक-ठाक मिल रहा है। दिक्कत सिर्फ जंगली जानवरों से होती है। उन्होंने चिंता जताई कि यहां भी कुछ युवा नशे में पड़े हैं। उन्होंने कहा कि हर गांव, हर जिला और हर शहर का युवा नशे से दूर रहेगा, तभी संस्कृति और देश बचेगा।नशे को खत्म करने पर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ बंद करने से नहीं होगा, मन से दूर करना होगा। नशा शरीर ही नहीं, पूरे देश को अंदर से खोखला कर देता है। इसके लिए सबको एकजुट होकर सोचना होगा।उन्होंने कहा कि भारत में टैलेंट की कमी नहीं है। अगर युवा नशा त्याग दें तो ओलंपिक से लेकर हर खेल में भारत का झंडा सबसे ऊपर लहराएगा।












