डीएसबी परिसर के शोधार्थी एवं पूर्व NCC कैडेट पवन कुमार बने राज्य कर अधिकारी

नैनीताल, । कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के राजनीति विज्ञान विभाग के पीएच.डी. शोधार्थी एवं 79 यूके बटालियन एनसीसी के पूर्व सीनियर अंडर ऑफिसर पवन कुमार ने उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की प्रांतीय सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर राज्य कर विभाग में अधिकारी पद हासिल किया है।
पवन कुमार ने यह उपलब्धि अपने प्रथम प्रयास में प्राप्त की। उनकी सफलता का सफर संघर्ष, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का उदाहरण है। एनसीसी कैडेट के रूप में उन्होंने नेतृत्व, समय प्रबंधन और सेवा भावना के गुण विकसित किए, जिन्होंने उनकी तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उल्लेखनीय है कि उन्होंने अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए सात बार एसएसबी का सामना किया और हर अनुभव से सीख लेकर स्वयं को और अधिक मजबूत बनाया।
वर्तमान में वे कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में राजनीति विज्ञान विषय में पीएच.डी. कर रहे हैं तथा यूजीसी-नेट एवं जेआरएफ भी उत्तीर्ण कर चुके हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने उन्हें सम्मानित करते हुए बधाई दी। कुलपति ने कहा कि पवन कुमार की सफलता विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेटों के लिए प्रेरणादायक है तथा यह दर्शाती है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
पवन कुमार की सफलता पर प्रो एचसीएस बिष्ट, प्रो. (ले.) रीतेश साह. कमान अधिकारी 79 एनसीसी बटालियन करनाल अविजित मेहता सहित शिक्षकों शोधार्थियों तथा एनसीसी कैडेट्स ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।