राज्य निर्माण के उद्देश्यों से भटक गया उत्तराखंड, चुनाव लड़ने की जताई इच्छा

नैनीताल। हाईकोर्ट के अधिवक्ता एवं राज्य आंदोलनकारी अवतार सिंह रावत ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन जिन उद्देश्यों और सपनों के साथ हुआ था, 26 साल बाद भी प्रदेश उस दिशा में आगे नहीं बढ़ पाया है। राज्य निर्माण के मूल उद्देश्य भटक गए हैं। उन्होंने आगामी चुनाव में कांग्रेस से विधानसभा कालाढूंगी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए कहा कि वह जनता के बीच जाकर जनसेवा करना चाहते हैं। उन्होंने कालाढूंगी क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी से दावेदारी पेश की है ।
रावत ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस के अपने वरिष्ठ नेताओं के समक्ष चुनाव लड़ने की इच्छा रखी है। टिकट मिला तो चुनाव लड़ेंगे, नहीं मिला तो भी कोई परेशानी नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी और नशा उनके प्रमुख चुनावी मुद्दे होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का पिछले 12 वर्षों का कार्यकाल झूठ, पाखंड और लूट पर आधारित रहा है। दावा किया कि सरकार की कार्यशैली से जुड़े कई प्रमाण उनके पास हैं, जिन्हें जनता के सामने रखेंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गुजरात नेतृत्व पर निशाना साधते हुए प्रदेश में परियोजनाओं के ठेकों, प्रशासनिक फैसलों और सचिवालय की व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। राम मंदिर के चंदे के हिसाब पर भी सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।
अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने सीबीआई जांच और न्याय प्रक्रिया पर सवाल उठाए। रावत ने कहा कि राजनीति में शुचिता जरूरी है। सरकार कोई भी हो, जनता को उसके कामकाज के आधार पर सत्ता से हटाने का अधिकार होना चाहिए।










